फिरोजाबाद: एमएलसी चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट, मतदान केंद्रों पर रहेगी कड़ी सुरक्षा

-मतदान केंद्रों और मतपेटियों की होगी वीडियोग्राफी, लापरवाही बरतने पर होगी कार्रवाई

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश विधान परिषद खंड स्नातक/शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस लाइन स्थित सभागार में जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारियों और पीठासीन अधिकारियों की ब्रीफिंग हुई। डीएम ने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि विधान परिषद का चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से होता है, इसलिए मतदान प्रक्रिया में विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है। मतपेटी को ऐसे स्थान पर रखा जाए, जहां वह सभी को दिखाई दे और मतदान की गोपनीयता भी बनी रहे। मतदान केंद्रों पर पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी महत्वपूर्ण गतिविधियों की वीडियोग्राफी कराई जाए। मतदान के दौरान जिस स्थान पर मत डाले जाएंगे, वहां को छोड़कर पूरे कमरे तथा प्रवेश द्वार से निकास तक की वीडियोग्राफी अनिवार्य रूप से कराई जाएगी। निर्वाचन ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी आदित्य लांग्हे ने थाना प्रभारियों और मतदान केंद्र प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों एवं मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों के चारों ओर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। जरूरत के अनुसार लोहे और बल्लियों के बैरियर लगाकर अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाई जाए। केंद्रों के आसपास और छतों पर ईंट-पत्थर या अन्य संदिग्ध वस्तुएं नहीं होनी चाहिए। इसके लिए परिसर की गहन जांच कराई जाए और संदिग्ध सामग्री मिलने पर उसे हटवाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। निर्वाचन प्रक्रिया में बाधा डालने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैंठक में अपर जिलाधिकारी कल्पना जायसवाल के अलावा जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

 

ravikumar
ravikumar
Articles: 56

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *