फिरोजाबाद: एमएलसी चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां हुई रवाना, 33 केंद्रों पर होगा मतदान कल

-स्नातक के 22 और शिक्षक वर्ग के 11 मतदान केंद्र पर होगा मतदान
-जिलाधिकारी ने पोलिंग पार्टी स्थल का किया निरीक्षण, देखी व्यवस्थाएं

फिरोजाबाद। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) सीटों के लिए 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार को जिला निर्वाचन कार्यालय से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पोलिंग पार्टियों को मतदेय स्थलों के लिए रवाना किया गया। जिले में कुल 33 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 22 स्नातक निर्वाचन और 11 शिक्षक निर्वाचन के मतदान केंद्र शामिल हैं। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा।

मतदान को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कल्पना जायसवाल के साथ पोलिंग पार्टियों के रवानगी स्थल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान कार्मिकों को उपलब्ध कराई जा रही मतपत्र, बैलेट बॉक्स और अन्य निर्वाचन सामग्री के वितरण की व्यवस्था देखी। साथ ही पोलिंग पार्टियों की सुरक्षित रवानगी सुनिश्चित कराई। जिलाधिकारी ने मतदान कार्मिकों, जोनल मजिस्ट्रेटों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि वे पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें और निर्धारित समय पर आवंटित मतदान केंद्रों पर पहुंचना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी और मतदान कार्मिक सजग रहकर अपने दायित्व निभाएं। निर्वाचन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए जिले में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न कराया जाएगा।

-पांच जोन और 14 सेक्टर में बांटा जिला
प्रशासन ने मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए जिले को पांच जोन और 14 सेक्टर में विभाजित किया है। सभी जोन और सेक्टर में संबंधित मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के साथ पानी, प्रकाश और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अपर जिलाधिकारी कल्पना जायसवाल को मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं और पोलिंग पार्टियों के रूट चार्ट की निरंतर निगरानी करने को कहा गया है।

 

 

ravikumar
ravikumar
Articles: 64

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *