-महाआरती के बाद हुआ अष्टमेवा प्रसाद हुआ वितरण
फिरोजाबाद। नवदुर्गा मंदिर परिवार समिति द्वारा नवदुर्गा मंदिर में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर में फूल बंगला एवं छप्पन भोग सजाया गया। माता रानी के दिव्य और भव्य दर्शन करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
मंदिर के महंत महेंद्र मिश्रा ने बताया कि नवरात्रि महोत्सव की तैयारियां कई दिन पहले से शुरू कर दी गई थीं। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 11 से 20 अक्टूबर तक नवरात्रि महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। रविवार सुबह आठ बजे से फूल बंगला एवं छप्पन भोग के दर्शन शुरू हुए। शाम सात बजे माता रानी की महाआरती की गई, जिसके बाद श्रद्धालुओं को अष्टमेवा प्रसाद वितरित किया गया। रविवार रात 10 बजे से श्री चंडी महायज्ञ का आयोजन किया गया।
वहीं 19 अक्टूबर को शाम सात बजे महाआरती एवं छप्पन भोग प्रसाद वितरण किया जाएगा। मंगलवार को हनुमान रोड स्थित राजेंद्र विश्राम गृह में दोपहर एक बजे से 108 कन्या-लांगुर पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन होगा। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।







