-पर्यटन मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियो ने नवविवाहित जोड़ों को दिया आर्शीवाद
फिरोजाबाद। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सिरसागंज में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कुल 111 जोड़े विवाह के पवित्र बंधन में बंधे। इनमें 93 जोड़ों का हिंदू रीति-रिवाज के साथ विवाह संपन्न हुआ, जबकि 18 जोड़ों का निकाह कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के जीवन में खुशियां लाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी है। योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को अपनी बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराने में सहायता मिल रही है। नवविवाहित जोड़ों के चेहरों पर दिखाई देने वाली खुशी योजना की सफलता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सरकार द्वारा सामूहिक विवाह योजना के तहत दी जाने वाली सहायता राशि में भी वृद्धि की गई है, जिससे लाभार्थियों को आर्थिक संबल मिल सके। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य और भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने भी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की। समारोह में समाज कल्याण अधिकारी राजमती, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







