फिरोजाबाद। नगर निगम में विकास कार्यों के लिए ठेकेदारों द्वारा लगाई गई एफडीआर को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। वार्ड संख्या नौ बौधाश्रम की पार्षद प्रीति गुप्ता ने एफडीआर में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषी फर्मों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पार्षद ने सहायक नगर आयुक्त को पत्र देकर नगर निगम में जमा सभी एफडीआर की जांच कराने की मांग की है।
पार्षद प्रीति गुप्ता ने कहा कि कुछ फर्मों द्वारा लगाई गई एफडीआर संदिग्ध अथवा कूटरचित प्रतीत हो रही हैं। उन्होंने मांग की कि सभी संबंधित एफडीआर का सत्यापन कराया जाए और जांच में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो। मामले में सहायक नगर आयुक्त निहाल सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जानकारी कराई गई। जांच में सामने आया कि जिन फर्मों को संबंधित कार्य मिले थे, उनके कार्य निरस्त कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि उच्च अधिकारियों के आदेश पर धोखाधड़ी करने वाली फर्मों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। एफडीआर को लेकर उठे सवालों के बाद नगर निगम में खलबली मची हुई है। अब निगाह इस बात पर है कि जांच में एफडीआर की वास्तविकता क्या सामने आती है और जिम्मेदार फर्मों पर क्या कार्रवाई होती है।








