फिरोजाबाद: शिक्षक संगठनों ने एकजुट होकर किया आंदोलन का ऐलान

-मुख्यालय पर 26 को देंगे धरना

फिरोजाबाद: शिक्षक संगठनों ने एकजुट होकर किया आंदोलन का ऐलान

फिरोजाबाद। टीईटी अनिवार्यता के विरोध में प्रदेश के शिक्षक संगठनों ने खुलकर मोर्चा खोल दिया है। टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीएफआई) के साथ समस्त मान्यता प्राप्त शैक्षिक संगठन एकजुट हो गए हैं। ब्लॉक संसाधन केंद्र दबरई पर आयोजित बैठक में शिक्षकों ने सरकार के निर्णय को अन्यायपूर्ण बताते हुए चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की। 

टीएफआई की राष्ट्रीय सचिव कल्पना राजौरिया ने कहा कि वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों पर टीईटी की अनिवार्यता थोपना, उनके अनुभव और योगदान की अनदेखी है।शिक्षक पहले से ही शैक्षिक कार्यों के साथ-साथ विभिन्न प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। ऐसे में नई अनिवार्यता लागू करना मानसिक और व्यावहारिक दोनों स्तर पर दबाव बढ़ाने वाला निर्णय है। अब उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जूनियर शिक्षक संघ, राष्ट्रीय शैक्षिक संघ और महिला शिक्षक संघ एक साथ मंच पर आ गए हैं।

प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष शौर्यदेव यादव ने बताया कि 22 फरवरी को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर टीईटी अनिवार्यता के विरोध में व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 23, 24 और 25 फरवरी को शिक्षक काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करेंगे और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएंगे। 26 फरवरी को जिला मुख्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन कर सरकार को ज्ञापन सौंपा जाएगा। बैठक में रंजीत यादव, आनंद श्रोत्रिय, धीरेंद्र यादव, रीमा यादव, वंदना तोमर, आदेश यादव, अनिल चक, दीपमाला यादव आदि मौजूद रहे।