फिरोजाबाद। चूड़ी कारीगर के घर का अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर डेढ लाख रुपये नकदी, पांच लाख का आभूषण चुरा ले गए। रविवार सुबह लोगों ने घर का ताला टूटा देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका है।
थाना दक्षिण के मौहल्ला करबला गली नंबर छह निवासी बृजेश कुमार की बहन के यहां हाथरस में गृह प्रवेश का कार्यक्रम था। इसमें वह अपनी पत्नी आरती और बच्चों के साथ शामिल होने के लिए शनिवार दोपहर गए थे। घर में ताला लगा था। रविवार सुबह पड़ोसियों ने उनके घर का ताला टूटा देखा सौ मीटर दूर रहने वाले उनके भाई विजय को सूचना दी। वह पहुंचे तो देखा कि अंदर कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और आलमारी का लाकर टूटा हुआ था। उन्होंने फोन कर भाई को सूचना दी। इस पर वह परिवार सहित रविवार दोपहर आ गए। थाना प्रभारी दक्षिण योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना मिली थी। मामले की जांच की जा रही है।