फिरोजाबाद। परिवहन विभाग ने एक विशेष मेले का आयोजन किया। मेले में 7.5 टन तक के वाणिज्यिक वाहनों के लिए एक मुश्त कर (वन टाइम टैक्स) जमा करने की नई योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। बड़ी संख्या में वाहन स्वामियों ने इसमें भाग लेकर योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
परिवहन विभाग के अधिकारी अखिलेश द्विवेदी ने बताया कि इस वन टाइम टैक्स योजना से वाहन स्वामियों को बड़ी राहत मिलेगी। 7.5 टन तक के वाणिज्यिक वाहनों के मालिक अब एकमुश्त कर जमा करके भविष्य की मासिक या त्रैमासिक कर देनदारी से मुक्त हो सकेंगे। पहले वाहन मालिकों को हर महीने कर जमा करने की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था, जिससे उनके समय और संसाधनों का नुकसान होता था।
अब एकमुश्त कर जमा करने के बाद वाहन स्वामी बिना बार-बार कर जमा किए अपने वाहनों का संचालन कर सकेंगे। मेले में उपस्थित अधिकारियों ने वाहन स्वामियों को योजना के लाभ, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और कर निर्धारण की दरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विभागीय स्टॉल पर मौके पर ही मार्गदर्शन और आवेदन से संबंधित सहायता उपलब्ध कराई गई।

