फिरोजाबाद। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर नारेबाजी की गई। साथ ही ज्ञानेश कुमार को जेल भेजने की मांग की। जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव ने कहा कि ज्ञानेश कुमार द्वारा एस.आई.आर. सहित जितने भी निर्णय लिए गए हैं, वे सब के सब अवैध हैं, उन्हें तत्काल निरस्त किया जाना चाहिए। उनके नेतृत्व में जो भी विधानसभा और लोकसभा के चुनाव कराए गए हैं वह भी रद्द किए जाने चाहिए। इनके साथी चुनाव आयुक्त बलवीर सिंह संधू और विवेक जोशी द्वारा स्पष्ट कर दिया गया है कि ज्ञानेश कुमार द्वारा हम दोनों की बिना सहमति के सभी निर्णय मनमाने तरीके से लिये गए हैं, जो गैरकानूनी है।
उन्हें निरस्त कर ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाना चाहिए, अन्यथा कांग्रेसी सड़कों पर कठोर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि देश के अंदर ज्ञानेश कुमार ने 13 करोड़ से भी ज्यादा मतदाताओं के नाम काटकर उन्हें मताधिकार से वंचित रखने का काम किया है, जो कठोर अपराध की श्रेणी में आता है जिसके लिए उन्हें किसी भी दिशा में माफ नहीं किया जाना चाहिए। यह संविधान और लोकतंत्र पर खुला हमला है। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष राजवीर सिंह यादव, जितेंद्र तिवारी, अजय यादव, अनिल यादव, शांति दास शंखवार, संजय यादव, संजय रावत, दिलीप यादव, केशव देव, कल्याण सिंह यादव, अमोल कुमार यादव, कौशल यादव, रामबरन सिंह, पवन सिंह, संजू शंखवार आदि मौजूद रहे।








