-एक की आंख में पेंसिल घोंपने और दूसरे छात्र की पिटाई करने का लगाया आरोप
फिरोजाबाद। कोटला रोड स्थित मदर प्राइड इंटरनेशनल स्कूल में दो मासूम छात्रों के साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। एक चार वर्षीय छात्र की आंख में शिक्षिका द्वारा पेंसिल घोंपने से गंभीर चोट लगने तथा दूसरे छात्र की पिटाई से उसके कान में गंभीर चोट पहुंचने के आरोप लगाए गए हैं। पीड़ित पिता की तहरीर पर थाना उत्तर पुलिस ने स्कूल के निदेशक, मैनेजर तथा दो शिक्षिकाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
श्रीराम कॉलोनी निवासी मनोज कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका चार वर्षीय पुत्र अनमोल मदर प्राइड इंटरनेशनल स्कूल में एलकेजी का छात्र है। आरोप है कि 6 जुलाई को कक्षा के दौरान शिक्षिका काजल ने उसकी आंख में पेंसिल मार दी, जिससे उसकी आंख गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद बच्चे को उपचार के लिए नई दिल्ली स्थित एम्स ले जाया गया, जहां 12 जुलाई को उसकी आंख का ऑपरेशन किया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि स्कूल के मैनेजर विश्वनाथ शर्मा ने भी बच्चे के साथ मारपीट की। पीड़ित पिता का कहना है कि जब वह छोटे बेटे का इलाज कराकर लौटे तो उन्हें पता चला कि उनके पांच वर्षीय बड़े बेटे आर्यन, जो इसी विद्यालय में पढ़ता है, के साथ भी शिक्षिका योगेंद्री ने कथित रूप से मारपीट की।
आरोप है कि पिटाई के कारण उसके कान में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने दोनों घटनाओं की सीसीटीवी फुटेज मांगी तो स्कूल प्रबंधन ने फुटेज डिलीट होने की बात कही। साथ ही विद्यालय के निदेशक पर अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। थाना उत्तर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर विद्यालय के निदेशक, मैनेजर विश्वनाथ शर्मा तथा शिक्षिकाओं काजल और योगेंद्री के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोनों बच्चों की मेडिकल रिपोर्ट तलब की गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे और साक्ष्य प्राप्त होंगे, उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








