-दो मुख्य आरक्षियों ने कांस्य पदक जीतकर उत्तर प्रदेश पुलिस का बढ़ाया मान
फिरोजाबाद। हैदराबाद में 23 से 30 जुलाई तक आयोजित ऑल इंडिया पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता में जनपद के दो मुख्य आरक्षियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पेंचक सिलाट स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर उत्तर प्रदेश पुलिस और जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
प्रतियोगिता में जनपद में तैनात मुख्य आरक्षी रामू सिंह सिसोदिया और गिरधारी सिंह ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और बेहतरीन तकनीकी प्रदर्शन का परिचय देते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों ने कड़े मुकाबलों के बीच दमदार प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की। दोनों खिलाड़ी इससे पहले भी ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं। उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के आधार पर उन्हें खेल कोटे से पदोन्नति भी मिल चुकी है।
ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिताओं में यह दोनों का दूसरा पदक है, जो उनके निरंतर अभ्यास, समर्पण और मेहनत का प्रमाण है। इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे तथा अपर पुलिस अधीक्षक राजेश गुनावत ने बधाई देते हुए कहा कि दोनों खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर फिरोजाबाद और उत्तर प्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ाते रहेंगे।








