फिरोजाबाद: पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

फिरोजाबाद। थाना टूंडला क्षेत्र में पुलिस ने ज्वैलर्स की दुकान में हुई नकबजनी की घटना का खुलासा करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का चांदी का सामान, नकदी, तमंचा, कारतूस तथा नकबजनी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।

कस्बा टूंडला स्थित श्रीजी ज्वैलर्स की सर्राफा दुकान में 3 जुलाई 2026 को नकबजनी की घटना हुई थी। इस संबंध में थाना टूंडला में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद में नकबजनी की घटनाओं के खुलासे और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में थाना टूंडला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि श्रीजी ज्वैलर्स में नकबजनी की घटना में शामिल बदमाश पुराने बाईपास स्थित गेल गैस प्लांट से पहले एक खाली प्लाट में खड़े हैं और चोरी का माल बेचने के साथ ही नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।

सूचना पर प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों की घेराबंदी कर उन्हें आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। पुलिस का दावा है कि इस दौरान बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर दो फायर किए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान सौदागर शेख पुत्र फैजुल शेख, निवासी कुरवानी टोला, थाना मानिक चौक, जिला मालदा, पश्चिम बंगाल, हाल निवासी भूड़ भरत नगर, थाना विजय नगर, गाजियाबाद के रूप में हुई। घायल को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

वहीं उसके दो साथियों गंगा उर्फ गौरव पुत्र रामपूत, निवासी उडेसर, थाना एका, जनपद फिरोजाबाद, हाल निवासी नगला समन, थाना कोतवाली देहात, जनपद एटा तथा अजीत कुमार पुत्र भीष्मपाल, निवासी नगला समन, थाना कोतवाली देहात, जनपद एटा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा चांदी का सामान भी बरामद हुआ है, जिसमें बिछवा, पायल, पांच मंगलसूत्र, सात ब्रेसलेट, दो कंगन, लक्ष्मी और गणेश की मूर्तियां, शुभ-लाभ, स्वास्तिक, सिक्के, अंगूठियां, कुबेर यंत्र की पत्तियां, दीये, कानों के टोकस और कांच के मोतियों की मालाएं शामिल हैं। इसके साथ ही दो ऑक्सीजन सिलेंडर, लाल रंग का पांच लीटर का छोटा गैस सिलेंडर, इलेक्ट्रिक तराजू, लोहे का सब्बल, छेनी, पेचकस और 10 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार घायल आरोपी सौदागर शेख का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के एटा और फिरोजाबाद के अलावा महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना में भी चोरी, डकैती, लूट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक अंकित कुमार, हर्षित कुमार, प्रशांत कुमार, विजय कुमार सहित हेड कांस्टेबल कर्मवीर, हरवेंद्र तथा कांस्टेबल आशीष राजपूत, मोहन सिंह, प्रदीप कुमार और पुष्पेंद्र शामिल रहे।

 

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 381

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *