फिरोजाबाद: प्राइवेट विद्यालय संचालकों को राजनीति में आना मजबूरी-डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ

फिरोजाबाद। आगरा-अलीगढ़ स्नातक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ ने अपना संकल्प पत्र जारी किया। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पारदर्शिता और महिलाओं के सम्मान को प्राथमिकता देने का दावा किया गया है।

नगर के कोनार्क होटल में आगरा-अलीगढ़ स्नातक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ ने शिक्षकों के संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक और विद्यालय संचालक राजनीति नहीं करना चाहते। उनका उद्देश्य विद्यालयों का बेहतर संचालन कर बच्चों का भविष्य संवारना और देश के विकास में योगदान देना है। लेकिन सरकार की नीतियों और निजी विद्यालयों पर बढ़ते प्रशासनिक दबाव के कारण अब उन्हें अपनी आवाज उठाने के लिए राजनीति में आना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि आज शिक्षकों और विद्यालय संचालकों पर लगातार नए नियम-कानून लागू किए जा रहे हैं। ऐसी स्थिति बन गई है कि शिक्षक बच्चों को अनुशासित करने में भी असहज महसूस करते हैं। शिक्षा के साथ संस्कार देना भी चुनौती बन गया है। निजी विद्यालय संचालकों की समस्याओं को लंबे समय से नजर अंदाज किया जा रहा है। यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो प्रदेश भर के विद्यालय संचालक लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने कहा कि जितना दबाव बनाया जाएगा, उतनी ही मजबूती से शिक्षक और विद्यालय संचालक अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करेंगे।

उन्होने अपने संकल्प पत्र में प्रत्येक ब्लॉक में आधुनिक ई-लाइब्रेरी, छात्राओं के लिए निःशुल्क सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन, प्रत्येक जिले में रोजगार मेले और विज्ञान पार्क की स्थापना कराने के प्रयास का वादा किया गया है। शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए आर्थिक सहायता की मांग, मेधावी विद्यार्थियों को मेडिकल एवं इंजीनियरिंग शिक्षा में सहयोग तथा आरटीई के तहत विद्यार्थियों के लिए आर्थिक सहायता बढ़ाने की बात भी कही गई है। इस दौरान मंयक भटनागर, सौरभ लहरी, दिलीप जैन, राकेश कुलश्रेष्ठ आदि मौजूद रहे।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 59

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *