फिरोजाबाद: 15 हजार मानदेय की मांग को लेकर ठेका कर्मचारियों ने की कामबंद हड़ताल

-नगर निगम परिसर में धरना देकर जताया विरोध
-नगर आयुक्त के मानदेय बढ़ाने के लिखित आश्वासन के बाद धरना समाप्त

फिरोजाबाद। नगर निगम में तैनात ठेका कर्मचारियों ने मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर मंगलवार सुबह कामबंद हड़ताल शुरू कर दी। आगरा नगर निगम की तर्ज पर 15 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिए जाने की मांग को लेकर कर्मचारियों ने सुबह छह बजे से काम बंद कर दिया। बड़ी संख्या में कर्मचारी नगर निगम परिसर में एकत्र होकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों के काम पर न आने से नगर निगम की सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं पर असर पड़ने की संभावना है।

ठेका कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें लंबे समय से कम मानदेय पर कार्य करना पड़ रहा है। महंगाई के मौजूदा दौर में कम मानदेय में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। कर्मचारियों ने मांग की कि आगरा नगर निगम की तरह उन्हें भी 15 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाए। जब तक उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं होता, तब तक काम पर वापस नहीं लौटने की चेतावनी दी है। सुबह से ही कर्मचारी नगर निगम परिसर में धरने पर बैठ गए। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने की सूचना मिलते ही नगर निगम के अधिकारी भी सक्रिय हो गए।

हड़ताल समाप्त कराने के लिए अपर नगर आयुक्त अजय कुमार और सहायक नगर आयुक्त आरपी सिंह ने कर्मचारियों से वार्ता कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील की, लेकिन कर्मचारी अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। ठेका सफाई कर्मचारियों के धरना की सूचना पर भीम आर्मी, भारतीय किसान क्राति यूनियन के जिलाध्यक्ष राहुल यादव नगर निगम पहुंचे और कर्मचारियों के धरने का समर्थन किया। वहीं नगर आयुक्त प्रशांत नागर ने कर्मचारियों को लिखित में मानदेय बढ़ाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद धरना समाप्त हो गया। धरना प्रदर्शन में ठेका कर्मचारी संघ के विनय बाल्मीकि, प्रवीन उमराय, विकास चंद्र बाल्मीकि, निगम बाल्मीकि, शेरा बाल्मीकि, योगेश बाल्मीकि, अनिकेत, विवेक कुमार, नितिन चौधरी आदि मौजूद रहे।

 

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 324

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *