-पुलिस ने शातिर चोर को चोरी के माल और एक तमंचा सहित किया गिरफ्तार
शिकोहाबाद। आवास विकास कालोनी निवासी शिक्षक रक्षाबंधन पर राखी बांधने के लिए पत्नी के साथ अपनी ससुराल गये थे। दिन में उनके मकान में रह रहे किरायेदार ने ही उनके कमरे में रखी अलमारी के लॉकर को तोड़ कर उसमें से लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर फरार हो गया था। इस मामले में पुलिस ने शिक्षक की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मंगलवार को असुआ रोड से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा और चोरी किये गये आभूषण बरामद किए।
इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत आवास विकास कॉलोनी निवासी शिक्षक मुन्नालाल के घर में गत 15 अगस्त को विनय नाम बताकर युवक ने कमरा किराए पर लिया था। इसके बाद वह दिन में दो से तीन घंटे के लिए आता और चला जाता था। आते-जाते समय सदैव हैलमेट पहने रखता था। रक्षाबंधन वाले दिन मुन्नालाल पत्नी और बच्चों के साथ अपनी ससुराल गए। सुबह साढ़े 11 बजे तक किरायेदार के रूप में रह रहा शातिर चोर उनके घर से लाखों रुपये कीमत के आभूषण चोरी कर फरार हो गया। जब शाम को घर लौटे तो दरवाजे खुला देख उनको चोरी का भास हुआ। इसके बाद उन्होंने अलमारी देखी तो उसमें रखे आभूषण गायब थे। इसके बाद उन्होंने थाना पुलिस को सूचना दी।
इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से लिया और घटना खुलासे के लिए टीम गठित कर निर्देश दिये। थाना पुलिस व सर्विलांस टीम ने घटना का सफल अनावरण किया। मंगलवार दोपहर चेकिंग के दौरान पुलिस ने असुआ मोड़ से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम जमील अहमद उर्फ मोनू बताया। उसके पास से एक तमंचा, एक नेकलेस सेट, दो टॉप्स पीली धातु, झुमकी पीली धातु, पेंडल मय चेन पीली धातु, तीन लेडीज अंगूठी, एक मंगल सूत्र व चूड़ी के 16 टुकड़े सभी पीली धातु बरामद किए।
उन्होंने बताया कि शातिर चोर जमील नाम बदल कर किरायेदार बनकर चोरी करता था। जमील अहमद उर्फ मोनू निवासी मकान नं. 723 गली नं 1 सूर्य विहार पार्ट तृतीय, अगवानपुर अमर नगर थाना सराय ख्वाजा जनपद फरीदाबाद हरियाणा, हाल पता ग्राम उखरेण बाईपास एनएच.19 हाईवे थाना सिरसागंज है। उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा है।








