फिरोजाबाद: आईटीसी गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

-फायरकर्मियों की छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

फिरोजाबाद। जलेसर रोड स्थित रिहायशी इलाके में बने आईटीसी के एक गोदाम में गुरुवार देर रात अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

थाना उत्तर क्षेत्र के जलेसर रोड स्थित रिहायशी इलाके में बने उर्मिला किराना स्टोर और आईटीसी के गोदाम में बीती रात भीषण आग लगने से क्षेत्र में उफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार गोदाम के साथ ही आवास भी बना हुआ है, जिसमें लोग रह रहे थे। आग लगने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता के कारण वे सफल नहीं हो सके। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। तब तक आग पूरे गोदाम में फैल चुकी थी। इसके बाद आधा दर्जन से अधिक दमकल वाहनों और नगर निगम के पानी के टैंकरों की मदद से करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

घटना के बाद स्थानीय पार्षद, क्षेत्रीय निवासी तथा व्यापार मंडल के प्रतिनिधि प्रशांत माहेश्वरी ने फायर ब्रिगेड की कथित देरी पर नाराजगी जताते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की। उनका कहना था कि यदि दमकल समय पर पहुंच जाती तो नुकसान काफी हद तक कम किया जा सकता था। घटना की सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी सत्येंद्र कुमार पांडे सहित पुलिस और फायर विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने आग लगने के कारणों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी व्यवस्था किए जाने की मांग की है। घटना जानकारी होने पर महापौर कामिनी राठौर, सदर विधायक मनीष असीजा ने मौके पर पहुंचकर जानकारी हासिल की।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 54

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *