फिरोजाबाद: गुरु भक्ति के जयकारों से गूंजे जैन मंदिर, भक्तों ने गुरू का लिया आर्शीवाद

-महावीर जिनालय में अष्ट द्रव्यों से समर्पित किए गए अर्ध्य
-चंद्रप्रभु जिनालय में गुरु मां आर्यका विजयामती के चातुर्मास मंगल कलश की हुई स्थापना

फिरोजाबाद। सुहागनगरी में गुरु पूर्णिमा पर्व अत्यंत हर्षाेल्लास, भव्यता और अटूट भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर शहर के जैन मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मुख्य आयोजन सदर बाजार स्थित चंद्रप्रभु मंदिर एवं महावीर जैन मंदिर में संपन्न हुए। जहां देश के विभिन्न महानगरों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

सदर बाजार स्थित प्राचीन चंद्रप्रभु जिनालय में गुरु मां आरिका विजयामती माता के पावन सानिध्य में चातुर्मास मंगल कलश स्थापना समारोह अत्यंत धूमधाम व मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। कलश स्थापना के पूर्व विधि-विधान से धार्मिक क्रियाएं पूर्ण की गईं। सांस्कृतिक संध्या में छोटे-छोटे बच्चों ने गुरु भक्ति पर आधारित मनमोहक नृत्य, नाटक और भजनों की प्रस्तुतियां दीं। नन्हे-मुन्ने की प्रस्तुतियों से पूरा पांडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। सेठ छदामीलाल जैन मंदिर में आचार्य निर्भय सागर गुरुदेव के पावन सानिध्य में गुरु पूर्णिमा का मुख्य पूजन महामहोत्सव आयोजित किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अष्ट द्रव्यों (जल, चंदन, अक्षत, पुष्प, नैवेद्य, दीप, धूप, फल) से निर्मित विशेष अर्घ्य गुरुदेव के चरणों में समर्पित किए।

कार्यक्रम का संचालन प्रार्थष्ठाचार्य प्रदीप जैन एवं मयंक जैन माइक्रो टेक ने किया। मंत्रोच्चार के साथ हुए गुरु पूजन और महाआरती में भक्ति का ऐसा वातावरण बना कि उपस्थित जनसमूह भाव-विभोर होकर झूमने लगा। महोत्सव समिति के पदाधिकारियों ने बाहर से पधारे सभी अतिथियों का मंच पर तिलक लगाकर, पीत दुपट्टा ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न देकर भावभीना स्वागत किया। महोत्सव में महापौर कामिनी राठौर, पार्षद शिलान्त जैन, प्रमोद राजोरिया, समिति अध्यक्ष अभिषेक जैन, निमिष जैन, शैलेन्द्र जैन शैली, मनोज जैन, आदीश जैन, धीरज जैन, विशाल जैन एड, पंकज जैन, रजत जैन, सचिन जैन, अनुज जैन तुलसी, अभिषेक जैन, अरुण जैन पीली कोठी, देवेंद्र जैन रसूलपुर, संभव प्रकाश जैन, संजय जैन पीआरओ आदि मौजूद रहे।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 431

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *