-पार्षद ने शिकोहाबाद विधायक को सौंपा ज्ञापन
फिरोजाबाद। नगर निगम के वार्ड संख्या 60 के पार्षद मो. अल्काबाब निजाम ने शिकोहाबाद विधायक डॉ. मुकेश वर्मा को ज्ञापन सौंपकर बसई मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में यमुना नदी के पास स्थित ऐतिहासिक दरगाह सूफी शाह की मरम्मत, निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा है कि 12वीं से 13वीं शताब्दी के दौरान निर्मित मानी जाने वाली यह दरगाह लगभग 809 वर्ष पुरानी है। यहां प्रतिवर्ष जिला प्रशासन की ओर से उर्स का आयोजन कराया जाता है। उर्स के दौरान और सामान्य दिनों में उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से सभी धर्मों के श्रद्धालु यहां पहुंचकर मन्नत मांगते हैं। यह दरगाह सभी धर्मों के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। पार्षद ने बताया कि ऐतिहासिक महत्व रखने वाली दरगाह की सीढ़ियां और इमारत जर्जर अवस्था में हैं। ऐसे में इसकी मरम्मत और सौंदर्यीकरण कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने विधायक से शासन स्तर पर पहल कर दरगाह के जीर्णाेद्धार के लिए आदेश पारित कराने की मांग की। इस दौरान विभिन्न पार्षदों और क्षेत्रीय लोगों ने भी ज्ञापन पर समर्थन जताया।







