-मुख्यमंत्री युवा उद्यमी और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थी हुए सम्मानित
फिरोजाबाद। उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निर्देशालय उ.प्र. सरकार के अंतर्गत एमएसएमई योजनाओं पर एक कार्याशाला जिला उद्योग विभाग द्वारा आयोजित की गई। जिसमें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को मंच से सम्मानित किया गया।
पालीवाल हॉल में आयोजित कार्यशाला में मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष असीजा ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन और उद्योग विभाग लगातार मेहनत कर रहें है, इसमें सबसे महत्वपूर्ण भूमिका बैंक प्रबंधकों की है और उनसे मेरी अपील है कि युवा उद्यमियों को बार-बार बैंक के चक्कर न लगाने पडे। मेरा विश्वास है कि योजना से लाभान्वित होकर जनपद के युवा आत्मनिर्भर बनेगे और साथ ही अपना और अपनों का सहारा बनेगे।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश को एक ट्रिलियन की अर्थ व्यवस्था बनाने के लक्ष्य में प्राथमिक द्वितीयक और तृतीयक क्षेत्र को मजबूत बनाना बेहद आवश्यक है। हमारा यह जनपद ग्लास सिटी और बैंगल सिटी के रूप में प्रसिद्ध है, जो द्वितीयक क्षेत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का विजन है कि युवा केवल रोजगार मांगने वाले न बने, बल्कि उद्यमी बनकर दूसरों को रोजगार देने वाले बने, अर्थात् जॉब सीकर की जगह युवा जॉब प्रोवाइडर बने।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मंच से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से लाभान्वित होने वाले लाभार्थियों में योगेश कुमार, विनय यादव, आशीष कुमार, आकांक्षा अग्रवाल को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजनान्तर्गत पंकज कुमार, जगत सिंह, अजय कांत, राकेश यादव और प्रमोद कुमार को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग संध्या तथा बडी संख्या में उद्यमी भी उपस्थित रहें।








