फिरोजाबाद। थाना जसराना क्षेत्र के अलीपुर मोहनीपुर गांव में शुक्रवार देर रात एक अधेड़ व्यक्ति ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। गोली चलने की आवाज से आसपास के लोग भी दहशत में आ गए।
जानकारी के अनुसार अलीपुर मोहनीपुर निवासी संतोष पुत्र तलब सिंह (45 वर्ष) ने रात के समय उस वक्त खुद को गोली मार ली, जब परिवार के अन्य सदस्य सो रहे थे। गोली की आवाज सुनकर परिजन जाग गए और मौके पर पहुंचे। संतोष को गंभीर हालत में देखा गया, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। आत्महत्या के पीछे क्या कारण रहा, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजनों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है। अधेड़ की मौत की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।








