-मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर ग्रामीणों ने गांव को गंदगी और जलभराव से मुक्त कराने की मांग की
फिरोजाबाद। ग्राम मौढा में जलभराव और गंदगी की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। नालियों का गंदा पानी गलियों में भरा होने के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। मच्छरों के प्रकोप से डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान की उदासीनता के चलते गांव की सफाई व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है। गलियों में जलभराव होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। गंदगी और मच्छरों के कारण लोग संक्रामक रोगों की चपेट में आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बीमारी के चलते एक नवविवाहिता की मौत भी हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदारों ने समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई और
जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो गांव के अन्य लोग भी गंभीर बीमारियों का शिकार हो सकते हैं। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि ग्राम मौढ़ा को जलभराव और गंदगी से तत्काल मुक्त कराया जाए। साथ ही गांव के मुख्य मार्ग पर जमा कूड़ा-कचरा हटवाकर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। शिकायत करने वालों में भूरी देवी, अरविंद कुमार, सोमी यादव, रेखा, उमेश चंद्र बघेल, भूपेंद्र, साधना देवी, हरेंद्र कुमार, जगदीश, सत्यवीर आदि रहे।








