फिरोजाबाद: किसान मेले में मृदा स्वास्थ्य संरक्षण और जैविक खाद के उपयोग पर दिया जोर

-डीएम ने प्रगतिशील किसानों को किया सम्मानित

फिरोजाबाद। भाकृअनुप-भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान नई दिल्ली एवं जनपद कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को उद्यान विभाग परिसर में खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत भव्य किसान मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित पोषण प्रबंधन, किण्वित जैविक खाद तथा जलवायु अनुकूल कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने किया। जिलाधिकारी ने किसानों से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए रासायनिक उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने तथा जैविक संसाधनों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मिट्टी ही टिकाऊ कृषि उत्पादन और खाद्य सुरक्षा का आधार है। किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर कृषि विविधीकरण एवं वैज्ञानिक तकनीकों से आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

सीडीओ ने कृषि क्षेत्र में नवाचार, संसाधनों के संरक्षण और आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया। परियोजना संयोजक डॉ. संजय सिंह राठौर ने बताया कि मारुति सुजुकी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के वित्तीय सहयोग से संचालित परियोजना का उद्देश्य किण्वित जैविक खाद का वैज्ञानिक मूल्यांकन और किसानों के बीच इसके उपयोग को बढ़ावा देना है। इससे मृदा स्वास्थ्य, फसल उत्पादकता एवं पोषक तत्वों की उपयोग क्षमता में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. ऋषि राज ने मृदा स्वास्थ्य एवं संतुलित पोषण प्रबंधन की जानकारी दी।

वहीं कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. विनोद प्रकाश एवं डॉ. सुभी पटेल ने जलवायु परिवर्तन का कृषि पर प्रभाव और बदलती परिस्थितियों में खेती को सुरक्षित रखने के उपाय बताए। मेले में कृषि, उद्यान, वानिकी एवं पशुपालन विभागों की ओर से प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए। इनमें उन्नत बीज, आधुनिक कृषि उपकरण, जैविक उत्पाद और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान किसान बलराम एवं छोटेलाल को ट्रैक्टर की चाबियां प्रदान की गईं।

शेर सिंह यादव, सर्वेश सिंह बघेल, हरिशंकर यादव एवं विपिन कुमार को अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन के तहत लाभान्वित किया गया। वहीं बाबूराम, रामसनेही, डूमर सिंह एवं हाकिम सिंह को सरसों की मिनी किट वितरित की गईं। कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक सत्येंद्र प्रताप सिंह, जिला कृषि अधिकारी सुमित चौहान सहित कृषि वैज्ञानिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।

ravikumar
ravikumar
Articles: 180

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *