फिरोजाबाद। थाना फरिहा पुलिस ने 11 अगस्त को हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो वांछित लुटेरों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 2,910 रुपये, लूटा गया मोबाइल फोन, अवैध तमंचा, कारतूस और छुरा बरामद किया है।
थाना प्रभारी फरिहा के अनुसार, 11 अगस्त को गौरव पुत्र सुखपाल निवासी शांति नगर, थाना रसूलपुर, कुबेरपुर में गौतमबुद्धनगर जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान सफेद रंग की कार सवार लोगों ने उन्हें गौतमबुद्ध नगर छोड़ने की बात कहकर कार में बैठा लिया। आरोप है कि रास्ते में आरोपियों ने उन्हें धमकाकर मोबाइल फोन छीन लिया और फोन-पे के माध्यम से खाते से रुपये निकाल लिए। इसके बाद उन्हें ग्राम डबारा, थाना फरिहा क्षेत्र में उतारकर फरार हो गए। घटना के संबंध में थाना फरिहा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पांच आरोपियों के नाम प्रकाश में आए। 17 व 18 अगस्त की रात पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम गागनी रोड स्थित खोखे के पास पहुंची, जहां दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस के मुताबिक, टीम द्वारा रोकने पर आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी की पहचान गज्जू उर्फ गजेन्द्र उर्फ घंटोली निवासी नगला अजीत, थाना एका के रूप में हुई। वहीं मौके से भाग रहे दूसरे आरोपी अनमोल उर्फ रामू पुत्र अमित पाल निवासी नगला बारे दारापुर रैसनी, थाना जसराना को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2,910 रुपये, लूटा गया मोबाइल फोन, 315 बोर का अवैध तमंचा, कारतूस और एक अवैध छुरा बरामद किया है। वहीं एक बाल अपचारी को पूर्व में पुलिस अभिरक्षा में लिया जा चुका है तथा घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद की जा चुकी है। टीम में थानाध्यक्ष पुष्पेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक श्रीकान्त कटारिया, मुकुल त्यागी, अरविन्द सिंह समेत थाना फरिहा पुलिस के अन्य पुलिसकर्मी तथा सर्विलांस सेल के कांस्टेबल अजय कुमार शामिल रहे।







