-धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों से सुझाव लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
फिरोजाबाद। आगामी बारावफात, रक्षाबंधन एवं अन्य पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, संभ्रांत नागरिक और गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक में अधिकारियों ने पर्वों के दौरान आपसी सौहार्द, भाईचारा और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों से पर्वों के दौरान आने वाली समस्याओं और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव भी लिए गए। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने कहा कि सभी पर्वों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन एवं पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न देने तथा ऐसी सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस-प्रशासन को अवगत कराने की अपील की। बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों ने शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का भरोसा दिलाया।








