फिरोजाबाद: नगर निगम का भाकियू क्रांति ने किया घेराव, समस्याओं के समाधान तक धरना जारी

-किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने वार्डो में सफाई, पेयजल, सड़क और नाली निर्माण कराने की मांग

फिरोजाबाद। शहर के विभिन्न वार्डों में सफाई, पेयजल, सड़क और नाली निर्माण समेत अन्य जनसमस्याओं को लेकर शनिवार को भारतीय किसान क्रांति यूनियन के पदाधिकारियों ने नगर निगम का घेराव कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। सुबह करीब 11 बजे से शुरू हुए इस धरने में किसान नेता ट्रैक्टर-ट्रॉली में फर्श, खाने-पीने का सामान, ताला-चाबी लेकर पहुंचे और अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान किया। इस दौरान किसान नेताओं ने नगर निगम परिसर में जमकर नारेबाजी की। साथ ही हनुमान चालीसा का पाठ किया।

भारतीय किसान क्रांति यूनियन के जिलाध्यक्ष राहुल यादव एडवोकेट ने कहा कि वार्ड नंबर 1, 18, 20, 52 और पचवान सहित कई क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर नगर निगम आए हैं। वार्डों में गंदगी का अंबार लगा है, पेयजल की व्यवस्था बदहाल है, सड़क और नालियों का निर्माण नहीं कराया जा रहा है। गंदा पानी पीने से बच्चे बीमार हो रहे हैं। साथ ही जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में भी लोगों से पैसे मांगे जाने का आरोप लगाते हुए नगर निगम में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। जब तक सभी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक धरना जारी रहेगा।

प्रदर्शन के दौरान पदाधिकारियों ने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। धरना-प्रदर्शन को देखते हुए नगर निगम परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मौके पर सीओ सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारी ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर समाधान निकालने का प्रयास किया, लेकिन किसान यूनियन के पदाधिकारियों को कहना था कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा, जब तक धरना जारी रहेगा। इस दौरान मंपी किन्नर, दर्शन उपाध्याय, पवन यादव, कुलदीप ठाकुर, भोला यादव, पुनीत चतुर्वेदी, विनय यादव आदि सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 14

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *