-एसडीएम बिना ज्ञापन लिए लौटे, बाद में नायब तहसीलदार ने लिया ज्ञापन
शिकोहाबाद। बुधवार को कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने नगर की आम जन की समस्याओं को लेकर पैदल मार्च निकाला और तहसील में ज्ञापन सौंपा। इस दौरान ज्ञापन लेने के दौरान उप जिलाधिकारी और जिलाध्यक्ष के बीच तीखी बहस हुई। बाद में इंस्पेक्टर के साथ नायब तहसीलदार ने ज्ञापन लेकर कांग्रेसियों के प्रदर्शन को समाप्त कराया।
आम जन समस्याओं को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष और नगर अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मैनपुरी तिराहा से लेकर तहसील तक एक
पैदल मार्च निकाला। इस दौरान कांग्रेसी नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर पहुंचे। यहां काफी देर तक नारेबाजी करते रहे, लेकिन जब कोई अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा तो वह तेज धूप में जमीन पर बैठ कर धरना प्रदर्शन करने लगे। जब एसडीएम ज्ञापन लेने उनके पास पहुंचे तो जिलाध्यक्ष ने उनसे जमीन पर बैठ कर ज्ञापन लेने के लिए कहा, इस पर एसडीएम और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में तीखी बहस हुई। बाद में उप जिलाधिकारी राजेश कुमार शुक्ला बिना ज्ञापन लिए अपने कार्यालय में चले गये।
इसके कुछ देर बाद प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार अपने साथ नायब तहसीलदार मोहम्मद अजीम के साथ धरना स्थल पर पहुंचे और कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव से वार्ता की और नायब तहसीलदार ने उनसे ज्ञापन लिया। इसके बाद कांग्रेसी अपने घर के लिए चले गए। इस दौरान नगर अध्यक्ष रामसेवक वैद्य के अलावा बड़ी संख्या में कांग्रेसी पदाधिकारी मौजूद रहे।








