फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र के आसफाबाद बंबा चौराहा पर बुधवार को बाइक सवार युवक को एक बिना नंबर की कार ने टक्कर मार दी। आरोप है कि कार सवार दो से तीन लोगों ने युवक के साथ मारपीट की और इसके बाद उसके ऊपर चार पहिया वाहन चढ़ा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल की पहचान आर्यन उर्फ गोवर्धन पुत्र भगवान सिंह निवासी दतोजी खुर्द, फिरोजाबाद, उम्र करीब 24 वर्ष के रूप में हुई है। घायल के भाई अमन ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आर्यन सदर विधायक मनीष असीजा के यहां काम करता है। अमन के अनुसार, नई कार पर “राउ साहब” लिखा हुआ था और उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। कार सवारों ने पहले आर्यन की बाइक में टक्कर मारी।
इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और कथित तौर पर उसकी कमर पर चार पहिया वाहन चढ़ा दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर सदर विधायक मनीष असीजा, सीओ सिटी सहित थाना पुलिस और भारी पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है। वहीं अस्पताल में घायल युवक का उपचार जारी है। पुलिस मामले में आरोपों की जांच कर कार्रवाई की बात कह रही है।








