फिरोजाबाद। श्रावण मास के अवसर पर 16 से 26 अगस्त तक प्रेम जीसीबी. तिराहा, शास्त्रीपुरम, आगरा में सवा करोड़ लिंगोपरि पार्थिव पूजन एवं शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। माँ पीताम्बरा के उपासक एवं यज्ञाधीश स्वामी रामदास महाराज ने कहा कि पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन का सनातन धर्म में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। शास्त्रों में वर्णित है कि श्रद्धा, भक्ति एवं विधि-विधान से निर्मित पार्थिव शिवलिंग का पूजन करने से भगवान शिव अत्यंत प्रसन्न होते हैं। इससे व्यक्ति के पापों का क्षय होता है। जीवन में सुख, शांति, आरोग्य एवं समृद्धि का आगमन होता है तथा आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।
उन्होंने कहा कि श्रावण मास में पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं लिंगोपरि पूजन का फल कई गुना बढ़ जाता है। भगवान शिव अपने भक्तों की सच्ची भक्ति से शीघ्र प्रसन्न होकर उनकी मनोकामनाओं को पूर्ण करते हैं। यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और विश्व कल्याण का महायज्ञ है। प्रतिदिन सायं 5 बजे से रात्रि 8 बजे तक श्रद्धालु सवा करोड़ लिंगोपरि पार्थिव पूजन में सहभागिता करेंगे। वहीं शिव महापुराण कथा का दिव्य वाचन आचार्य निशान्त मिश्रा वृन्दावन वालों के मुखारविंद से होगा, जिसमें भगवान शिव के दिव्य चरित्र, शिवभक्ति और सनातन धर्म के गूढ़ रहस्यों का रसपूर्ण वर्णन किया जाएगा। इसी परिसर में 12 से 22 दिसंबर तक 2151 कुंडीय महामृत्युंजय माँ पीताम्बरा महायज्ञ का भी आयोजन होगा।






