-पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना स्थल का किया निरीक्षण, रायफल को कब्जे में लिया
शिकोहाबाद। नगला कन्हीं में रविवार सुबह नौ बजे के करीब एक पूर्व उपनिरीक्षक को संदिग्ध अवस्था में उसकी लाइसेंसी रायफल से गोली लग गई। गोली उसके कान से ऊपर सिर को छूती हुई निकल गई। जिससे वह बाल-बाल बच गये। गंभीर हालत मे परिजन उनको अस्पताल लाए। इमरजेंसी में तैनात स्टाफ ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें फिरोजाबाद मेडिकल कालेज भेज दिया। जहां से परिजन उन्हें आगरा प्राइवेट अस्पताल उपचार कराने के लिए ले गए हैं। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी ली।
नगला कन्हीं निवासी जयवीर सिंह (70) पुलिस विभाग में उप निरीक्षक के पद पर तैनात रहे हैं। सेवानिवृत होने के बाद वह अपने बच्चों के साथ गांव नगला कन्हीं में रह रहे हैं। उन पर पांच बच्चे हैं। दो बच्चे एक ही घर में रह रहे, जिनमें जय बहादुर और जयकिशन हैं। जबकि तीन बच्चे अलग रहते हैं। जयकिशन और जय बहादुर दोनों ने घर का बंटवारा कर लिया था। मकान में बीच में दीवार खड़ी कर ली थी। इतने तक तो सही था। लेकिन रविवार को दोनों भाई मकान के मुख्य गेट के बीच में दीवार खड़ी कर रहे थे, जो जयवीर सिंह को नागवार गुजरी। उन्होंने उसका विरोध किया और दीवार लगा रहे राजमिश्री को हड़का कर भगा दिया।
इसके बाद वह अपने कमरे में गये और लाइसेंसी रायफल से कुछ करने लगे। इसी दौरान गोली की आवाज आई। गोली की आवाज सुनते ही घर में पुत्रवधू थीं, जो दौड़ी तो देखा पिता बैड पर पड़े हैं और उनकी कनपटी से खून बह रहा है। गोली की आवाज और चीख पुकार सुन कर ग्रामीण एकत्रित हो गये। गोली लगने की जानकारी होते ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और घायल को उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय भेज दिया। प्राथमिक उपचार के बाद यहां से उन्हें फिरोजाबाद मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। जहां से परिजन उन्हें आगरा रेनवो प्राइवेट अस्पताल में उपचार के लिए ले गये।
इंस्पेर्क्टर अनुज कुमार का कहना है कि रिटायर दरोगा ने पारिवारक कलह के चलते रविवार सुबह अपनी लाइसेंसी रायफल से आत्महत्या करने का प्रयास किया है। उनके कनपटी के पास से होकर गोली निकल गई है। गनीमत रही, अगर गोली थोड़ा अंदर हो जाती तो उनके प्रांण पखेरू उड़ सकते थे। लेकिन वह बाल-बाल बच गये हैं। उनकी लाइसेंसी रायफल को कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्यवाही की जायेगी।






