-लेखपाल को हंसिया-दराती लेकर दौड़ाने का आरोप
फिरोजाबाद। फरिहा थाना क्षेत्र के राजस्व गांव कमालपुर में चकरोड की पैमाइश करने पहुंची राजस्व विभाग की टीम के साथ दबंगों द्वारा हाथापाई किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पैमाइश के दौरान कुछ लोगों ने राजस्व टीम का विरोध करते हुए लेखपाल के साथ अभद्रता की और हंसिया-दराती लेकर उसे दौड़ा लिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति द्वारा कुल्हाड़ी से काटने की धमकी दिए जाने की बात कही जा रही है। मामले को लेकर राजस्व विभाग में भी खलबली मच गई।
कमालपुर निवासी ममता देवी ने 16 सितंबर को तहसील जसराना में प्रार्थनापत्र देकर भूमि संख्या 122 के सामने से निकलने वाले चकरोड पर अवैध कब्जे की शिकायत की थी। प्रार्थनापत्र में आरोप लगाया गया कि कुछ लोगों ने चकरोड पर दीवार आदि बनाकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया है। रास्ता बंद होने से खेतों तक ट्रैक्टर और अन्य कृषि वाहन नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। शिकायत के बाद राजस्व विभाग की टीम चकरोड की पैमाइश करने के लिए मौके पर पहुंची थी। आरोप है कि पैमाइश शुरू होते ही कुछ दबंगों ने टीम का विरोध करना शुरू कर दिया। इसी दौरान मामला बढ़ गया और राजस्व कर्मियों के साथ हाथापाई की गई।
आरोप यह भी है कि लेखपाल को हंसिया और दराती लेकर दौड़ाया गया। वायरल वीडियो में कुल्हाड़ी से काटने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आ रही है। शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप है कि विवादित जमीन और रास्ते को लेकर दबंग पक्ष के लोगों के खिलाफ पहले से कई मुकदमे न्यायालय में विचाराधीन हैं। उनका कहना है कि इसी विवाद के चलते चकरोड पर कब्जा कर रास्ता बंद किया गया है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि राजस्व अभिलेखों के अनुसार भूमि संख्या 122 के सामने स्थित चकरोड की पैमाइश कराकर अवैध कब्जा हटवाया जाए, ताकि रास्ता आम लोगों और किसानों के लिए सुचारु हो सके। साथ ही राजस्व टीम के साथ अभद्रता और मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।







