फिरोजाबाद: पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर निकाली तिरंगा यात्रा

फिरोजाबाद। पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ ने प्रांतीय नेतृत्व के निर्देशन में गुरुवार को तिरंगा यात्रा निकालकर धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने यात्रा में शामिल होकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग उठाई।

तिरंगा यात्रा विकास भवन गेट से शुरू होकर भारतीय स्टेट बैंक कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, दीवानी चौराहा, पेट्रोल पंप और पुलिस चौकी होते हुए विकास भवन परिसर पहुंची। यहां कर्मचारियों ने धरना देकर सरकार से पुरानी पेंशन योजना पुन लागू करने की मांग की। संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के भविष्य की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। जिला मंत्री शिवा मैंसी ने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारी गांवों में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन उनकी पेंशन बहाली की मांग लंबे समय से लंबित है।

कर्मचारियों ने मांग पूरी होने तक लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया। तिरंगा यात्रा की अध्यक्षता जगबीर बाबू ने की। कार्यक्रम में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष प्रमोद कुमार शर्मा, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष प्रेमप्रकाश कुशवाहा, सिंचाई संघ के अध्यक्ष महिपाल सिंह, अधीनस्थ कृषि सेवा संघ के अध्यक्ष प्रेम किशोर, मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष संजय सिंह, अटेवा के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 227

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *