फिरोजाबाद: महिला के कुंडल छीनने वाला आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र में महिला से कानों के कुंडल छीनकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से घटना में छीने गए दो कुंडल, तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल और नकदी बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को एक महिला गेंदालाल की ठार खंजापुर के पास अमरूद के बाग में बनी झोपड़ी में बाग की रखवाली कर रही थी। इसी दौरान खेत की तरफ से आए एक युवक ने महिला के कानों से कुंडल छीन लिए और मौके से फरार हो गया। घटना की तहरीर पर थाना रसूलपुर में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई थी। घटना के खुलासे के लिए थाना रसूलपुर पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया था। रविवार को संयुक्त टीम मोढ़ा तिराहे के पास संदिग्ध वाहनों और लोगों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान संदीप पुत्र मन्टीलाल निवासी मोतीनगर आसफाबाद, थाना रसूलपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। कार्रवाई के दौरान थाना रसूलपुर प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार, एसओजी प्रभारी प्रेमशंकर पाण्डेय, सर्विलांस प्रभारी मुकेश कुमार आदि मौजूद रहे।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 140

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *