-मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए किया जागरूक
फिरोजाबाद। जायंट्स ग्रुप ऑफ महिला शक्ति द्वारा सेवा सप्ताह के अंतर्गत विहान पब्लिक स्कूल कोटला चुंगी पर सैनिटरी पैड वितरण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए जागरूक करना था।
कार्यक्रम में डॉ. रिजुल ने छात्राओं को बताया गया कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक एवं सामान्य शारीरिक प्रक्रिया है, इसलिए इसके बारे में किसी प्रकार की झिझक या संकोच नहीं रखना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को समझाया कि यदि मासिक धर्म के दौरान अत्यधिक दर्द, असामान्य रक्तस्राव या किसी अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का अनुभव हो, तो उसे नजरअंदाज न करें और उचित चिकित्सकीय सलाह लें।
इसके अलावा सैनिटरी पैड के सही उपयोग, समय-समय पर पैड बदलने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा इस्तेमाल किए गए सैनिटरी पैड के उचित निपटान के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को सैनिटरी पैड वितरित किए गए और मासिक धर्म से जुड़ी आवश्यक जानकारी सरल एवं सहज तरीके से दी गई।
इस अवसर पर अध्यक्षा सीमा अग्रवाल, प्रशासनिक निदेशिका दीपाली सिंघल, वित्त निदेशिका गौरी बंसल, अनु बंसल, कल्पना राजौरिया, रीना गर्ग, मोनिका गर्ग, गुंजन सिंघल एवं रेनू अरोड़ा आदि मौजूद रही।







