-मिर्च, धान और बाजरा की फसलों को नुकसान; कच्ची दीवार गिरने से महिला घायल
फिरोजाबाद। जिले में शुक्रवार रात से रुक-रुककर हो रही बारिश शनिवार को भी जारी रही। करीब 20 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जनजीवन प्रभावित रहा। खेतों में पानी भरने के साथ कई स्थानों पर कच्ची दीवारें और बाउंड्रीवाल गिरने की घटनाएं सामने आईं। वहीं नारखी क्षेत्र में मिर्च, धान और बाजरा की फसलों को तेज हवा और जलभराव से भारी नुकसान होने की आशंका है।
नारखी क्षेत्र में बारिश के कारण मिर्च के खेतों में पानी भर गया। किसान ट्रॉली और अन्य साधनों से खेतों से पानी निकालने में जुटे रहे। किसान धीरेंद्र ने बताया कि लगातार पानी भरने से मिर्च के पौधों को नुकसान पहुंच रहा है। तेज हवा के कारण धान और बाजरा की फसल भी जमीन पर गिर गई। कई खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल भी गिरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
जसराना क्षेत्र के गांव कबिलपुर में लगातार बारिश के चलते मकान की कच्ची दीवार गिर गई। हादसे में एक महिला घायल हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के कारण कच्चे मकानों और दीवारों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। लगातार बारिश से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की गलियों, सड़कों तथा खेतों में जलभराव हो गया। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं बारिश के कारण 12 वीं तक के स्कूल-कालेजों में अवकाश घोषित होने से विद्यार्थियों को भी राहत मिली।









