फिरोजाबाद: वार्ड में सफाई, प्रकाश और निर्माण कार्यों की बदहाली से जनता परेशान, दिया धरना

-वार्ड नं. 41 की पार्षद ने नगर निगम अधिकारियों को छह समस्याओं से कराया अवगत

फिरोजाबाद। नगर निगम के वार्ड संख्या 41 गांधी नगर में सफाई, प्रकाश व्यवस्था और निर्माण कार्यों की समस्याओं को लेकर क्षेत्रीय जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड की पार्षद रेखा यादव ने नगर निगम अधिकारियों को पत्र भेजकर समस्याओं के समाधान की मांग की है। समाधान न होनें पर रामलीला चौराहा स्थित परशुराम पार्क में धरना दिया। पार्षद के धरने का समर्थन व्यापारी नेताओं ने किया।

पार्षद ने बताया कि वार्ड में सफाई कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने के बाद उनके स्थान पर नए कर्मचारियों की तैनाती नहीं की गई है। इससे सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। वहीं, कई खंभों पर लगी एलईडी लाइटें खराब होने से रात के समय वार्ड के विभिन्न हिस्सों में अंधेरा रहता है। उन्होंने वार्ड में छोटे-छोटे गड्ढों और खराब रास्तों की मरम्मत न होने की समस्या भी उठाई। इससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। पार्षद के अनुसार पारसनाथ पार्क में लगे झूले खराब हैं और वहां लगी एलईडी लाइटें भी खराब होने के कारण परिसर में अंधेरा रहता है। इसके अलावा वार्ड स्थित श्मशान घाट की जर्जर स्थिति का भी मुद्दा उठाया गया है।

पार्षद ने बताया कि लंबे समय से इसकी मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। पुल के नीचे चल रहे कार्य में हो रही देरी के कारण भी क्षेत्रीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्षद रेखा यादव ने कहा कि इन छह समस्याओं को उनके द्वारा कई बार नगर निगम अधिकारियों के संज्ञान में लाया जा चुका है। उन्होंने जनहित में समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की है। इस दौरान वार्ड नं. 41 के पार्षद पति मनोज ताऊ, मुनेंद्र सिंह यादव, विजय शर्मा, प्रीति गुप्ता, प्रशांत माहेश्वरी, विनय कुमार बाल्मीकि आदि मौजूद रहे।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 227

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *