-सदर विधायक ने सीसी सड़क निर्माण कार्यो का किया शिलान्यास
फिरोजाबाद। मोहल्ला मुरली नगर, सुहाग नगर में लेबर कॉलोनी के पुराने फाटक, एन.आर.ग्लास से सुहाग नगर सीवर पम्पिंग स्टेशन पुलिया तक रेलवे लाइन के किनारे स्थित कच्चे एवं जलभराव युक्त मार्ग का सदर विधायक मनीष असीजा ने भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। यह निर्माण कार्य लगभग सवा करोड़ की लागत से कराया जायेगा।
सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि यह मार्ग वर्षों से मुरली नगर और सुहाग नगर की जनता के लिए एक अभिशाप बना हुआ था। थोड़ी सी बरसात में यहाँ घुटनों तक पानी भर जाता था और पूरे छेत्र में कीचड़ व दलदल हो जाता था, जिससे स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और प्रतिदिन फैक्ट्री जाने वाले हमारे श्रमिक भाईयों का निकलना अत्यंत कठिन हो जाता था। धूल और कीचड़ के कारण बीमारियाँ फैलती थीं और लोगों को लंबा चक्कर काटकर जाना पड़ता था। आज इस सड़क के बन जाने से क्षेत्रवासियों को जलभराव से हमेशा के लिए छुटकारा मिलेगा, आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा। लेबर कॉलोनी रेलवे के पुराने फाटक से सुहाग नगर तक सीधा संपर्क स्थापित होगा।
यह सड़क न केवल लोगों का समय और धन बचाएगी बल्कि क्षेत्र में स्वच्छता और विकास की नई रोशनी लेकर आएगी। अब नगला भाऊ, महावीर नगर, भीम नगर, धोलपुरा, इंडस्ट्रियल एरिया आदि के निवासी सुहाग नगर से होते हुए रेलवे स्टेशन माल गोदाम, चंद्रवार गेट, परमेश्वर गेट, आशावाद से सीधे दवरई को जा सकेंगे और पुराने नेशनल हाईवे पर भी ट्रैफिक का लोड डाइवर्ट होगा, इससे लोगों को जाम से निजात मिलेगी। इसके अलावा सदर विधायक ने मौहल्ला कृष्णा नगर में 19 लाख रू. की लागत से बारातघर का भूमि पूजन कर शुभारम्भ किया। इस दौरान राकेश शंखवार, सत्यवीर गुप्ता, भगवान दास शंखवार, देवेश भारद्वाज, प्रमोद बघेल, योगेंद्र बाबा, दीपक गुप्ता कालू, आकाश गुप्ता, हरिओम वर्मा, प्रमोद राजौरिया, सुनील शर्मा, किशोर अग्रवाल बंटी, नरेश शंखवार, विशाल पचौरी आदि मौजूद रहे।








