फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के पद पर चयनित अभ्यर्थियों को मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, मेयर कामिनी राठौर, ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव, उपनिदेशक कृषि सत्येन्द्र सिंह की उपस्थिति में 41 नवयुवकों को (प्राविधिक सहायकों) को नियुक्ति पत्र विकास भवन सभागार में वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव ने कहा कि हमारे जनपद को 41 प्राविधिक सहायक मिले हैं, जो तकनीकी व्यवस्था से किसान भाइयों को उन्नतशील खेती करने के तरीके बताएंगे, जिससे हमारा जनपद गौरवशील बनेगा। मेयर कामिनी राठौर ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने आप सभी को रक्षाबंधन के त्योहार पर यह नियुक्तियां तोहफे में दी है।
उन्होंने कहा कि कृषि के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़कर भागीदारी करनी होगी और अपने कार्यों और दायित्वों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वाहन करें। इस दौरान लखनऊ से मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण का लाइव प्रसारण कार्यक्रम देखा और सुना गया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी आदि जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।








