-महापौर, नगर आयुक्त से मामले की जांच कराकर अधिशासी अभियंता के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की
फिरोजाबाद। सोमवार को कुछ पार्षदों द्वारा नगर निगम के निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता के खिलाफ लिखित शिकायत किए जाने के कुछ घंटे बाद मामला गरमा गया। आरोप है कि शिकायत के बाद अधिशासी अभियंता ने पार्षद सत्यप्रकाश एवं पार्षद पति सुनील वर्मा को फोन कर अपने कार्यालय बुलाया और वहां उनके साथ अमर्यादित व्यवहार किया।
पार्षद पति सुनील वर्मा ने अन्य पार्षदों को फोन कर अधिशासी अभियंता द्वारा अमर्यादित व्यवहार करने की जानकारी दी। इसके बाद कई पार्षद कार्यालय पहुंचे और उन्होंने अधिशासी अभियंता द्वारा किए गए कथित अमर्यादित व्यवहार का विरोध किया। मंगलवार को पार्षदों ने मामले को लेकर नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त प्रशांत नागर और महापौर कामिनी राठौर के नाम शिकायती पत्र सहायक आयुक्त को सौंपाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ इस प्रकार का व्यवहार उचित नहीं है। पार्षदो ने नगर आयुक्त, महापौर से मामले की जांच कराकर अधिशासी अभियंता के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में पार्षद मुनेंद्र सिंह यादव, सत्य प्रकाश, देवेंद्र राजपूत, सुभाष चंद्र, विजय शर्मा, सुभाष यादव, मनोज ताऊ आदि मौजूद रहे।








