-मेडिकल कालेज अस्पताल के सर्जरी विभाग में हुआ सफल आपेरशन
फिरोजाबाद। सरकारी मेडिकल कालेज अस्पताल के सर्जरी विभाग में किशोरी के गले में थायराइड ट्यूमर का सफल आपरेशन किया है। आपरेशन के बाद अब किशोरी पूरी तरह से स्वस्थ है। वह पिछले कई माह से दर्द से परेशान थी। कई चिकित्सकों को दिखाया, लेकिन कहीं भी आराम नहीं मिला। तब वह सरकारी मेडिकल कालेज अस्पताल के सर्जरी विभाग की ओपीडी में दिखाने आई थी।
प्राचार्य डा. योगेश गोयल ने बताया कि 15 वर्षीय बालिका कई माह से गले के सामने वाले हिस्से में गांठ (सूजन) की समस्या से परेशान थी। पूर्व में कई चिकित्सकों से परामर्श लिया, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। आखिरकार परेशान होकर किशोरी को लेकर परिजन सरकारी मेडिकल अस्पताल में सर्जरी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डा. भरत गुप्ता को ओपीडी में दिखाया। मरीज की जांच के बाद डा. गुप्ता ने थायराइड ग्रंथि में गांठ का संदेह व्यक्त किया। इसके बाद उन्होंने बीमारी की सटीक पुष्टि के लिए अल्ट्रासाउंड और सुई द्वारा एफएनएसी (फाइन निडिल एस्पीरेशन साइटोलाजी) जांच कराई।
रिपोर्ट में मरीज में थायराइड एडिनोमा नामक बीमारी की पुष्टि हुई। 23 जून को सर्जन डा. भरत गुप्ता के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने सर्जरी की। दो घंटे सर्जरी चली। अब मरीज पूरी तरह से स्वस्थ है। विभागाध्यक्ष जनरल सर्जरी के निर्देशन में आपरेशन करने वाली टीम में डा. धर्मेंद्र, डा. निखिल, डा. वत्सल, डा. रितु वर्मा (एनेस्थीसिया) शामिल रही है। प्राचार्य ने किशोरी के सफल उपचार के लिए जनरल सर्जरी विभाग एवं एनेस्थीसिया विभाग की पूरी टीम की सराहना की और कहा कि यह संस्थान क्षेत्रीय नागरिकों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।







