-डीएम व सीडीओ ने मैसर्स मेकम्स बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड, जीआरएस बायो प्लांट का किया निरीक्षण
फिरोजाबाद। जनपद में कृषि और खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को बढ़ावा देने तथा स्थानीय किसानों की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से डीएम व सीडीओ ने सिरसागंज तहसील के राम कबीरपुर स्थित मैसर्स मेकम्स बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड तथा जीआरएस बायो प्लांट प्राइवेट लिमिटेड का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्लांट की विभिन्न इकाइयों, उत्पाद श्रृंखला एवं प्रोसेसिंग गतिविधियों का बारीकी से जायजा लिया।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के माध्यम से स्थानीय कृषकों को उनकी उपज का बेहतर और लाभकारी मूल्य हर हाल में मिलना चाहिए। संस्थान द्वारा हल्दी एक्सट्रैक्ट, अश्वगंधा रूट पाउडर, पोस्बेलिया सिराता आदि औषधि घटकों के निर्माण हेतु कच्चा माल सीधे किसानों से खरीदा जा रहा है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए की क्रय व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाया जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा किसान इससे जुड़ सके। उन्होंने स्थानीय युवाओं को इसमें प्राथमिकता देने की बात कही।
जिलाधिकारी ने संस्थान के निदेशक आकाश अग्रवाल एवं मैनेजर अंकित श्रीवास्तव को निर्देश दिए कि वह कृषि और उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित करें, साथ ही स्थानीय किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ औषधि एवं व्यवसायिक फसलों की खेती के लिए प्रशिक्षित और प्रोत्साहित करें, ताकि किसानों की आर्थिक स्थिति को और सुदृढ़ बनाया जा सके। इसके बाद जीआरएस बायो प्लांट प्राइवेट लिमिटेड का भी निरीक्षण किया। यहां पर टिशू कल्चर विधि से केले के बीज, आलू के बीज इत्यादि तैयार कराई जा रहे थे। डीएम ने संस्थान की संचालिका हेमा सिंह को उनके बेहतर संचालन हेतु नारी स्वावलम्बन से पुरस्कृत करने की बात भी कही। स निरीक्षण के दौरान सीडीओ शत्रोहन वैश्य, जिला उद्यान अधिकारी सीपी अवस्थी मौजूद रहें।








