फिरोजाबाद: स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में नगर निगम फिरोजाबाद ने पाया दूसरा स्थान

– केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री ने महापौर व नगर आयुक्त को किया सम्मानित
-नगर निगम को मिला 25 लाख रुपये का कैश अवार्ड

फिरोजाबाद। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के अंतर्गत स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2025-26 में नगर निगम फिरोजाबाद ने देशभर में शानदार उपलब्धि हासिल की है। तीन लाख से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में फिरोजाबाद को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि से नगर निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई।

स्वच्छ वायु दिवस के अवसर पर सोमवार को नई दिल्ली स्थित गंगा ऑडिटोरियम, इंदिरा पर्यावरण भवन में आयोजित अवार्ड सेरेमनी में नगर निगम फिरोजाबाद को सम्मानित किया गया। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री ने महापौर कामिनी राठौर एवं नगर आयुक्त प्रशांत नागर (आईएएस) को 25 लाख रुपये का कैश अवार्ड तथा द्वितीय रैंक का प्रमाण पत्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। नगर निगम की इस उपलब्धि के पीछे शहर में स्वच्छता एवं वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर किए गए विभिन्न प्रयासों को महत्वपूर्ण माना गया है।

महापौर की प्रेरणा एवं पार्षदगणों के सहयोग तथा नगर आयुक्त के कुशल नेतृत्व में निगम द्वारा वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार कई कदम उठाए गए। नगर निगम द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक के प्रयोग पर रोक लगाने, वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए नियमित पानी का छिड़काव, मैकेनिकल रोड स्वीपिंग, मियांवाकी वन की स्थापना तथा जनसहभागिता के माध्यम से अधिकाधिक पौधरोपण जैसे कार्य किए गए। इसके अलावा कोयले की भट्टियों पर प्रतिबंध और खुले में आग लगाए जाने पर रोक लगाने की दिशा में भी कार्रवाई की गई।

अधिकारियों के अनुसार प्रदूषण नियंत्रण विभाग के सहयोग से शहर में स्थापित एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग मशीनों से प्राप्त आंकड़ों ने भी स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन सभी प्रयासों के परिणामस्वरूप फिरोजाबाद ने देशभर के शहरों में दूसरा स्थान हासिल कर नगर निगम और शहर का गौरव बढ़ाया है।

 

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 370

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *