शिकोहाबाद। वार्ड नंबर 11 स्थित लेबर कॉलोनी के सरकारी पार्क की दुर्दशा को लेकर पार्षद मनीष कुमार की ओर से शनिवार से की जा रही भूख हड़ताल के तीसरे दिन भारतीय किसान क्रांति यूनियन ने समर्थन दिया। संगठन के जिलाध्यक्ष राहुल यादव एडवोकेट मौके पर पहुंचे और पार्षद की मांगों का समर्थन किया। पार्षद ने पार्क के पुनर्निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, बच्चों के खेलने के लिए उपकरण तथा बुजुर्गों के टहलने की समुचित सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। राहुल यादव ने कहा कि यदि दो-तीन दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ और पार्षद मनीष कुमार कहेंगे तो वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर पार्क की सफाई कराने की जिम्मेदारी स्वयं उठायेंगे। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र मौके पर पहुंचकर समस्याओं का समाधान कराने और भूख हड़ताल समाप्त कराने की मांग की।








