इंदुमई समिति में खाद की उपलब्धता जांचने के आदेश, किसानों से पराली न जलाने की अपील
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण करने के निर्देश किसान समाधान दिवस में दिए। उन्होंने इंदुमई साधन सहकारी समिति में डीएपी और यूरिया उपलब्ध न होने की शिकायत पर सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को समिति का निरीक्षण कर खाद की उपलब्धता जांचने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग सहित सभी संबंधित अधिकारियों को किसान समाधान दिवस में उपस्थित रहने को कहा।
विकास भवन सभागार में आयोजित किसान समाधान दिवस में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि 16 से 30 नवंबर तक जनपद में स्वगणना अभियान संचालित होगा। इसके तहत किसान और अधिकारी-कर्मचारी पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने उपस्थित किसानों एवं अधिकारियों को स्वगणना करने की शपथ भी दिलाई। उप कृषि निदेशक सत्येंद्र प्रताप सिंह ने किसानों से धान की पराली न जलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग की योजनाओं, खाद-बीज, कृषि यंत्रों पर अनुदान, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड और खाद्यान्न खरीद का लाभ लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराना आवश्यक है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ पाने के लिए ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, मिसिंग अपडेट और फार्मर रजिस्ट्री अवश्य पूरी कराएं। किसान समाधान दिवस में जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सोमेश गुप्ता, जिला उद्यान अधिकारी चंद्रप्रकाश अवस्थी, जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक सुभाष तिवारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता विमल कुमार, सहायक अभियंता लघु सिंचाई रविंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई सुनील कुमार, सहायक प्रबंधक जिला सहकारी बैंक सीमा देवी, सहायक अभियंता विद्युत संजय कुमार, जिला खाद्य विपणन अधिकारी प्रदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








