फिरोजाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और आरक्षण का प्रतिशत तय करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की टीम ने बुधवार को फिरोजाबाद का दौरा किया। आयोग के सदस्यों ने प्रशासनिक अधिकारियों, ब्लॉक प्रमुखों, ग्राम प्रधानों व अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुझाव और आंकड़े जुटाए।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों ने ओबीसी आरक्षण जनसंख्या के अनुपात में बढ़ाने की मांग रखी। वर्ष 2011 की जनगणना के आंकड़ों के अनुसार जिले की ग्रामीण जनसंख्या 16 लाख 31 हजार 306 बताई गई, जिसमें ओबीसी आबादी 11 लाख 12 हजार 725 यानी करीब 68 प्रतिशत है। आयोग ने सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक स्थिति के संबंध में भी फीडबैक लिया।
आयोग सदस्यों ने बताया कि प्राप्त आंकड़ों और साक्ष्यों का सत्यापन कर ट्रिपल टेस्ट के आधार पर रिपोर्ट शासन को सौंपी जाएगी। बैठक में आयोग के सदस्य बृजेश कुमार, अरविंद कुमार चौरसिया, एसपी सिंह, संतोष कुमार, डीएम संतोष कुमार शर्मा, सीडीओ शत्रोहन वैश्य सहित अधिकारी मौजूद रहे।








