-दोनों खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने दी बधाई
फिरोजाबाद। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के खिलाड़ियों ने अलग-अलग प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। अंडर-16 बालक हाई जंप में गुलशन कुमार ने 1.72 मीटर की ऊंचाई पार कर स्वर्ण पदक हासिल किया। जबकि 37वीं नॉर्थ जोन जूनियर एथलेटिक्स चौंपियनशिप-2026 में अंडर-20 पुरुष जैवलिन थ्रो में आदित्य सिंह ने 67.94 मीटर की दूरी के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
अध्यक्ष श्याम पाल सिंह ने गुलशन कुमार और आदित्य सिंह को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और निरंतर अभ्यास से फिरोजाबाद की एथलेटिक्स लगातार आगे बढ़ रही है। सचिव श्यामवीर ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले की प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं का अनुभव और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास लगातार जारी हैं। इस दौरान चेयरमैन डॉ. राम कैलाश यादव, मैनेजर राम कुशवाहा, प्रतियोगिता प्रबंधक अजीत सिंह, टेक्निकल मैनेजर एवं आयोजन सचिव नीरज कुमार सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारियों ने भी दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।








