-फर्जी एनकाउंटर की जांच कराकर, दोषी पायें जाने पर भेंजे जाएंगे जेल
फिरोजाबाद। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। रविवार को आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं और लोगों से संवाद किया। सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने मंच से प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में इस सरकार को हटाना है।
प्रो. रामगोपाल यादव ने प्रदेश में हो रहे कथित फर्जी एनकाउंटरों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर फर्जी एनकाउंटरों की जांच कराई जाएगी और इसमें दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कार्यकर्ताओं से उसकी कथित साजिशों से सावधान रहने की अपील की। यूपीआई पर लगाए गए शुल्क को लेकर
उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि जनता के पैसे को टैक्स के नाम पर कंपनियों के मालिकों को देने की कोशिश की जा रही है। प्रदेश में कोई सुरक्षित नहीं है और संविधान के अनुरूप काम नहीं हो रहा है। उन्होंने कानून-व्यवस्था और महिला अपराधों को लेकर भी सरकार को घेरा। कार्यक्रमों के दौरान सपा नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को सक्रिय करने और जनता के बीच पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया।








