-तिलक इंटर कॉलेज में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
फिरोजाबाद। तिलक इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर माध्यमिक विद्यालयों की क्षेत्रीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश अग्रवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
प्रतियोगिता में फिरोजाबाद क्षेत्र के 12 विद्यालयों के बालक-बालिकाओं ने प्रतिभाग कर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में रेवती देवी इंटर कॉलेज ने फाइनल मुकाबले में रामा कन्या विद्यालय को हराकर विजेता का खिताब हासिल किया। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग मुकाबले में महात्मा गांधी इंटर कॉलेज ने जेवी इंटर कॉलेज को पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
अंडर-17 बालक वर्ग में जेवी इंटर कॉलेज ने एस.आर.के को हराकर प्रथम स्थान हासिल किया। अंडर-19 बालक वर्ग में तिलक इंटर कॉलेज की टीम विजयी रही। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इस दौरान पंकज भारद्वाज, गोविंद यादव, रवि नंदन, सुनीता चौधरी, कमलेश, शशिकांत, विनोद पचौरी सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।









