फिरोजाबाद। यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए सोमवार को यातायात पुलिस ने जिले में विशेष अभियान चलाया। एसएसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान प्रमुख चौराहों को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। जैन मंदिर एटा चौराहा शिकोहाबाद और टूंडला चौराहा पर सड़क के दोनों ओर करीब 50 मीटर के दायरे में ऑटो, ई-रिक्शा और ठेलों से किया गया अतिक्रमण हटवाया गया। वाहनों और ठेलों के लिए स्थान निर्धारित कर वहीं खड़े करने के निर्देश दिए गए। मानक से अधिक सवारी बैठाने वाले 47 ऑटो और ई-रिक्शा के चालान किए गए। पांच वाहनों से काली फिल्म उतरवाई गई, जबकि ओवरस्पीड में 156 वाहनों पर कार्रवाई हुई। अन्य धाराओं में 563 वाहनों के चालान किए गए। पुलिस ने वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया।









