-आरोपी से तमंचा, कारतूस, तार, कटर और 5,200 रुपये बरामद
फिरोजाबाद। नारखी क्षेत्र में एलटी और 11 केवी विद्युत लाइनों से तार चोरी करने के मामलों में वांछित हिस्ट्रीशीटर मुख्य आरोपी मानवेन्द्र उर्फ मोनू को पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त को शाहपुर में एलटी लाइन, 27/28 अगस्त को गढ़ी अफो में एलटी लाइन तथा 17/18 सितंबर को नारखी-कोटला रोड स्थित 11 केवी लाइन से विद्युत तार चोरी किए गए थे। इन मामलों में थाना नारखी में मुकदमे दर्ज किए गए थे। घटनाओं के खुलासे के लिए नारखी पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस की टीमें लगाई गई थीं। पुलिस ने 26 सितंबर को पांच आरोपियों कृष्णकांत उर्फ लटूरी, शंकर, छोटे उर्फ छोटू, राजा और स्वरूपचंद को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो बंडल एल्यूमिनियम विद्युत तार और वारदात में प्रयुक्त मैक्स पिकअप बरामद की थी। पूछताछ में मुख्य आरोपी मानवेन्द्र उर्फ मोनू का नाम सामने आया था, जो मौके से फरार हो गया था।

सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि मानवेन्द्र टूंडला से जौंधरी की ओर चोरी के तार बेचकर मिले रुपये लेने जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने बैंदी की पुलिया के पास घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, रोकने का प्रयास करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस, तार काटने वाला कटर, बाइक और 5,200 रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, मानवेन्द्र के खिलाफ फिरोजाबाद और मथुरा में 25 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, लूट, हथियार, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।









