-फायर ब्रिगेड की टीम के साथ पुलिस ने की कार्रवाई, मैक्स में भरकर पटाखे कार्यालय भेजे
फिरोजाबाद। एसओजी की सूचना पर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने शुक्रवार शाम मोहल्ला धोबी गली स्थित एक गोदाम में छापा मारकर दो टन से अधिक पटाखे बरामद किए। बड़ी मात्रा में पटाखे मिलने से आसपास के लोगों में भी खलबली मच गई। पुलिस ने बरामद पटाखों को सुरक्षित तरीके से मैक्स वाहन में लदवाकर फायर ब्रिगेड कार्यालय भिजवाया।
एसओजी प्रभारी प्रेमशंकर पांडे को मोहल्ला धोबी गली में एक गोदाम में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे होने की सूचना मिली थी। सूचना पर उन्होंने थाना पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद पुलिस टीम फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंची और शिवम मल्होत्रा के गोदाम की जांच की। तलाशी के दौरान गोदाम में भारी मात्रा में पटाखे रखे मिले। पुलिस के अनुसार इनका वजन दो टन से अधिक है। बरामद पटाखों को मैक्स वाहन में भरवाकर फायर ब्रिगेड कार्यालय पहुंचाया गया। वहां पटाखों की तौल कराई गई और बरामदगी की रिपोर्ट तैयार की गई।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे गोदाम में किस उद्देश्य से रखे गए थे और इनके भंडारण के लिए आवश्यक अनुमति थी या नहीं। कार्रवाई के दौरान मुख्य अग्निशमन प्रभारी सत्येंद्र पांडे, सीओ जयबिंद गुप्ता, इंस्पेक्टर अनुज कुमार, एसओजी प्रभारी प्रेम शंकर पांडे समेत पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौजूद रही।







